ये आसमान ये बादल ये रास्ते, ये हवा
हर एक चीज है अपनी जगह ठिकाने पे
कई दिनों से शिकायत नहीं जमाने से
तुम तीनों इस तरह से मेरी जिंदगी में शामिल हो …
ये गाना समर्पित है आमिर खान को याने ” मिस्टर परफेक्शनिस्ट ” को, जिनके जीवन में रीना, किरण और गौरी जैसे तीन ‘ तूफान ‘ आये लेकिन ये उनके प्रबंधन का ही कमाल है कि उनके जीवन में हर चीज आज भी अपनी जगह ठिकाने पर है और ना ही किसी को शिकायत है आमिर खान से और ना ही आमिर खान को कोई शिकायत है जमाने से !
तो खबर है कि आमिर खान ने तीसरी शादी कर ली है गौरी स्प्रेट से, गौरी स्प्रैट को एक बच्चा अपने पहले पति से है, आमिर खान के पहली पत्नी रीना से दो जवान बच्चे हैं, एक लड़की की शादी भी हो चुकी है, लड़का एक फिल्म में हीरो बन के आ चुका है, दूसरी पत्नि किरण राव से भी एक बच्चा है ! तीन पत्नि 4 बच्चे , पहली पत्नि से दो , दूसरी पत्नि से एक और तीसरी पत्नि का एक बच्चा I कितना अलौकिक परिवार है !
आमिर खान की शादी में 4 बेटे – बेटी सहित विभिन्न प्रकार की 3 पत्नियाँ मौजूद थीं ? ये किसी 80 के दशक की मसाला फिल्म का क्लाइमैक्स नहीं है कि आखिर में बिछड़ी मां और बच्चे मां – बाबूजी पुकार के क्लाइमैक्स को और सेंसेशनल बनाते थे , ये आमिर खान की तीसरी शादी का नजारा था ! अपने शौहर की तीसरी शादी की गवाह बनी दोनों बेगमें नई – नवेली बेगम पर फूल बरसा रही थीं और चारों बच्चे बाप की शादी में ताली बजा रहे थे ? ना भूतो ना भविष्यति को चरितार्थ करता ऐसा अदभुद दृश्य देखते ही बनता था ! तीनों पत्नियों का पति के लिये ऐसा समर्पण देखते ही बनता था, इतना प्रेम कि जैसे साक्षात ‘ कामदेव ‘ और उनकी एक नहीं तीन तीन ‘ रति ‘ धरा पे उतर आई हों , हिंदुस्तान में निश्छल प्रेम का का ऐसी गंगा बही कि राज ठाकरे, मुकेश अंबानी भी बह गये ?
राजश्री प्रोडक्शन के सूरज बड़जात्या की फिल्मों के अति नाटकीय परिवार के नकली संवाद, बनावटी दृश्य, स्वांग से भरी भावनाएं, अतिरंजित प्रेम से सरोबार मां – बाप, पति – पत्नि, बेटे – बेटी, चाचा – चाची, ताऊ, बुआ – फूफा ( पड़ोसी, रामू काका और कुत्ते से अनमोल संबंध ) मिलजुल के ऐसे रहते हैं जैसे इस दुनिया में जलन, इर्ष्या, धोख़ा, षड्यंत्र, क्रोध, बेईमानी, धूर्तता नाम की कोई चीज होती ही नहीं ! ऐसा लगता है जैसे किसी पात्र में सत्यवान हरीशचंद्र की आत्मा समा गयी हो कोई पात्र श्रवण कुमार हो, कोई मर्यादा पुरुषोत्तम राम या कोई श्री कृष्ण बन गीता सुना रहा हो I लेकिन आमिर खान की तीसरी शादी के बेजोड़ प्रबंधन ने सूरज बड़जात्या की मोनोपॉली तोड़ के रख दी है, ‘ मिस्टर परफेक्शनिस्ट ‘ ने साबित कर दिया है कि वो अतुलनीय ‘ रिलेशनशिप प्रबंधक ‘ हैं और उनका परिवार सूरज बड़जात्या के फिल्मी परिवार से भी कहीं ऊंचा है I
आमिर खान की दो तलाकशुदा बीबियाँ अपने बच्चों के साथ , अपने पूर्व शौहर की तीसरी शादी में सज – धज के साथ शामिल होती हैं और 43 साल की गौरी स्प्रैट और 61 साल के उर्जावान पति को मुबारकबाद देती हैं, जिस देश में ‘ पति – पत्नि और ‘ वो ‘ के चक्कर में ना जाने कितने घर बर्बाद हो गये हों और ना जाने कितने अपराध घटित हो चुके हैं, फिल्म इंडस्ट्री में ही चेतन आनंद – प्रिया राजवंश, राज कपूर – नर्गिस, बोनी कपूर – मीना शौरी, अमिताभ – रेखा, राज बब्बर – स्मिता पाटिल प्रभुदेवा – नयनतारा, संजय खान – ज़ीनत अमान , सैफ अली खान – करीना कपूर और ना जाने कितने ही रिश्ते बने और परिवारों में खटास पैदा कर गये ! लेकिन आमिर खान ने प्रेम, मोहब्बत की नई इबारत लिख दी है I
आश्चर्य है कि आमिर खान ने रीना दत्ता , किरण राव और गौरी से शादी भी कर ली और हिंदुस्तानियों को रत्ती भर परेशानी भी नहीं हुई ? राज ठाकरे जिनकी पूरी राजनीति नफरत पर टिकी है वो भी आमिर खान की तीसरी शादी में ताली बजा आये ? क्या उनकों ये लव जिहाद नहीं लगा ? क्या उनको नहीं लगा कि हिंदू लड़कियाँ खतरे में हैं ? क्या सभी तरह के जिहाद , नफरत गरीबों और निम्न – मध्यमय वर्गीय परिवारों के जिम्मे है ? क्या अमीर और रसूखदारों के लिये सिर्फ तालियां है और चाटुकारिता है ?
नमस्कार
राजेंद्र सोनी
संपादक, लेखक, चिंतक
मुक्ति की उड़ान
निष्पक्ष सत्य के लिये उत्कृष्ट पत्रिका
भोपाल
ईमेल : muktikiudaan@gmail.com
Web : www.muktikiudaan.com
#amirkhan #ReenaDutta #KiranRao #gaurispret #bollywood #extramaritalaffair #filmindustry #filmiduniya #Multiplemarriage #Lagaan #Mrperfectionist #muktikiudaan #filmichakkar #bollywoodlove #BollywoodLoveStory

